
ब्यावरा। एक आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े होने के संदेह में नगर के एक युवक को एक दिन पूर्व दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम यहां से पूछताछ के लिए ले गई थी. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम के अनुसार ब्यावरा सहित विभिन्न प्रांतों से पांच संदिग्ध युवको को हिरासत में लिया है जिनके तार आतंकी संगठन से जुड़े होने की बात सामने आई है. युवक को 12 दिन की रिमांड पर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम बुधवार की सुबह-सुबह करीब 5.30 बजे ब्यावरा पहुंची तथा यहां शहीद कॉलानी निवासी युवक कामरान कुरेशी को संदिग्धता के चलते पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई. पुलिस द्वारा विभिन्न प्रांतों से पांच युवको को हिरासत में लिया गया है. इनमें 2 दिल्ली, 1 ब्यावरा, तेलंगाना के हैदराबाद तथा झारखंड के राची से 1-1 युवक शामिल है. रांची से हिरासत में लिए युवक के ठिकाने से हथियार सहित आईइडी बनाने की सामग्री बरामद होना बताया जाता है. यह सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे. सूत्रों के अनुसार पूछताछ व अन्य जानकारी के लिए ब्यावरा से हिरासत में लिए गये युवक को 12 दिन की रिमांड पर लिया जाना बताया जा रहा है.
रांची से मिली ये सामग्री
हिरासत में लिए गये युवको के हेड के पास से जो कि रांची से हिरासत में लिया गया है देशी पिस्टल, कारतूस, हाइड्रोक्लारिक एसिड, सल्फर पाउडर जैसे रसायन, कॉपर शीट बॉल बेयरिंग, स्ट्रिप वायर, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, लैपटॉप, मोबाइल फोन और केस मिला है.
पुलिस ने बढ़ाई चौकसी
नगर के एक युवक के आईएसआईएस जैसे संगठन से जुड़े होने का मामला सामने आते ही स्थानीय पुलिस द्वारा चौकसी कड़ी कर दी है. एसडीओपी प्रकाश शर्मा के अनुसार दिल्ली पुलिस की टीम द्वारा शहीद कॉलोनी निवासी युवक को पूछताछ के लिए ले जाया गया है. इसके लिए स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा था.
