इंदौर: तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक ऑफिस के कॉमन वॉशरूम में स्पाई कैमरा लगाकर वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह करतूत वहां का सफाई कर्मचारी ही कर रहा था. पुलिस ने मामले में आरोपी सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि जंजीरवाला स्मयर स्थित ग्रेविटी टॉवर (301) में शुक्रवार 3 अप्रैल को वॉशरूम में छुपा कैमरा मिलने की शिकायत मिली थी.
इसके बाद ऑफिस प्रबंधन ने आंतरिक जांच की, जिसमें आरोपी की पहचान अमर टेकरी पर रहने वाले 19 वर्षीय शुभम वानखेड़े के रूप में हुई. बताया गया कि आरोपी ऑफिस में स्वीपर का काम करता था और वॉशरूम की सफाई के दौरान उसने गुप्त रूप से कैमरा फिट कर दिया था. जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में वॉशरूम के कई वीडियो मिले, जो स्पाई कैमरा डिवाइस से जुड़े एप के जरिए रिकॉर्ड किए थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक यह कृत्य कर्मचारियों की निजता का गंभीर उल्लंघन है. मामले में आगे की विवेचना जारी है.
