मुख्‍यमंत्री ने किया विराट हॉस्पिटल के ट्रीटमेंट सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन

जबलपुर:मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भेड़ाघाट गोपालपुर स्थित विराट हॉस्पिटल के विश्‍वात्‍मा इंस्‍टीट्यूट ऑफ रेडियो थैरेपी एंड ट्रीटमेंट सेंटर का वर्चुअली उद्घाटन किया। साथ ही 88.02 लाख की लागत से निर्मित 300 मीटर लंबा ब्रम्‍हऋषि बाबरा एप्रोच मार्ग का लोकार्पण किया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने विराट हॉस्पिटल की संचालिका साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी का अभिनंदन करते हुए कहा कि आपके परोपकार के संकल्‍प से संसार में साधना, सेवा का मार्ग हम सबके लिए प्रेरणा स्‍त्रोत है।

उन्‍होंने कहा कि साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी और डॉ. गोमास्‍ता के संकल्‍प से यह विराट हॉस्‍पिस, विराट हॉस्पिटल का रूप ले लिया है जिसके शुभारंभ का अवसर मिला। उन्‍होंने इस सेवा के लिए सभी को बधाई दी। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुराने समय में यदा-कदा कैंसर के मरीज दिखते थे, लेकिन अब समाज में यह जाने अनजाने में बड़ी व्‍याधि बन गई हैं। ऐसे समय में ऐसे रोगों से निपटना ही होगा, कैंसर पीडि़त के परिजन भी इस स्थिति में कठ‍िनाई महसूस करते हैं जहां दीदी उनकी हौसला अफजाई कर मरीजों की नि:स्‍वार्थ सेवा करती है।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर बड़ी संभावनाओं का शहर है, जहां दूर दराजों के लोगों की सेवा का अवसर है। साथ ही कहा कि हृदय व कैंसर की युनिट की सुविधाओं में धीरे-धीरे विस्‍तार कर गंभीर रोगों को दूर करने में मदद की जायेगी। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने अध्‍यक्षीय उद्बोधन में साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी का अभिवादन करते हुए कहा कि सभी लोग सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक आदि क्षेत्रों में सक्रिय रहते हैं, लेकिन ऐसा अवसर कम ही मिलता है कि जो सेवा को परमो धर्म समझते हैं जिसमें सभी एक साथ होते हैं।
2013 से शुरू हुई हॉस्‍पिस से हॉस्पिटल की कहानी
कार्यक्रम में डॉ. अखिलेश गोमास्‍ता ने 14 अप्रैल 2013 से शुरू इस विराट हॉस्‍पिस से विराट हॉस्पिटल की कहानी व प्रेरणा के बारे में विस्‍तार से बताया। वहीं साध्‍वी ज्ञानेश्‍वरी दीदी ने विराट हॉस्पिटल के 100 बिस्‍तरीय अस्‍पताल का मुख्‍यमंत्री द्वारा वर्चुअल उद्घघाटन करने पर बधाई दी। राष्‍ट्रीय गौ सेवा प्रकोष्‍ठ के फैज अहमद खान ने मुख्‍य वक्‍ता के रूप में प्रेरणादायी संदेश दिया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान स्‍वामी राघवदेवाचार्य, महंत विनोदानंद, संत बालकदास के साथ अन्‍य संत, सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मिक, आशीष दुबे, विधायक नीरज सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्‍नू, नगर निगम अध्‍यक्ष रिकुंज विज, नगर भाजपा अध्‍यक्ष रत्‍नेश सोनकर, संभागायुक्‍त धनंजय सिंह, कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्‍याय सहित अन्‍य अधिकारी व बड़ी तादात में जनसामान्‍य मौजूद थे।

Next Post

भूमि विवाद में सैनी परिवार पर लगे कब्जा, धमकी और दुष्प्रचार के आरोप

Thu Apr 23 , 2026
जबलपुर: शोभापुर-गोकलपुर वार्ड स्थित खसरा नंबर 391/12/झ एवं संबंधित भूमि को लेकर सिंह परिवार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर सैनी परिवार पर अवैध कब्जा, धमकी और दुष्प्रचार के गंभीर आरोप लगाए। श्वेता सिंह ने बताया कि यह भूमि वर्षों पुरानी वैधानिक आवासीय संपत्ति है, जहां अनेक परिवार निवासरत हैं। प्रेसवार्ता में […]

You May Like