इंदौर:शहर को स्वच्छता में लगातार आठ वर्ष से देश में अव्वल बनाने में जबरजस्त उत्साह और जुनून के साथ प्रशासन को सहयोग देने वाले लोगों का जोश लगता है अब धीरे-धीरे ठंडा पड़ने लगा है. शहर के अधिकांश क्षेत्रों में अब फिर से कचरे के ढेर और गंदगी दिखाई देने लगे हैं. अपने घरों से निकलने वाले कचरे को कचरा वाहन में ही डालना लोगों की जहां जिम्मेदारी है और खुले में कचरा फेंकना बड़ी लापरवाही है. देखने में आ रहा है कि लोग बेधड़क होकर फिर से खुले में कचरा फैंकने लगे हैं.
इसी तरह का मामला वार्ड 41 में भी सामने आया है, जहां खुले में कचरे का ढेर दिखाई दिया. यह वार्ड तिलक नगर के आगे रिंग रोड पर बंगाली चौराहा के पास आता है. यहां के श्रीराम नगर, काशी नगर और कैलाशपुरी क्षेत्र में देखने में आया कि कॉलोनियों के घरों के पीछे बनी बैक लाइनों के मुहाने पर कई जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जो स्वच्छता अभियान की खिल्ली उड़ाते प्रतीत हुए.
साफ-सुथरी कालोनी माने जाने वाले क्षेत्र में इस तरह कचरे के ढेर, उससे उठती बदबू और भिनभिनाते मक्खी-मच्छर लोगों के लिए कई समस्या खड़ी कर रहे हैं. इससे कई तरह की गंभीर बीमारियों, खासकर छोटे बच्चों में फैलने का खतरा पैदा हो गया है. खुले में कचरा फैंकने को लेकर क्षेत्रवासियों ने क्षेत्र के ही कुछ लापरवाह लोगों की करतूत बताई है. इस पर जिम्मेदार निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को ध्यान देने की जरूरत है.
यह बोले रहवासी
कचरा वाहन सुबह जल्दी नहीं आ पाता. इस कारण सुबह जल्दी अपने काम-धंधे पर जाने वाले अपने घर का कचरा गली के मुहाने पर फैंक जाते हैं. यह गलत है, उन्हें अपना डस्टबीन बाहर छोड़ जाना चाहिए, ताकि उसके कचरे को कचरा वाहन में डाला जा सके.
– प्रकाश कोठारी
सीवरेज की बड़ी मेन लाईन डलने से लाइन के चोक होने की समस्या तो खत्म हो गई है, लेकिन अब बैक लाइन में लोगों द्वारा फैंका जा रहा कचरा क्षेत्र के लिए नुकसान वाला होने के साथ-साथ रहवासियों के लिए शर्मिंदगी का कारण भी बन रहा है. इस समस्या का भी निराकरण होना चाहिए.
– नवलकिशोर कुमावत
क्लीन सिटी के कई फायदे हैं. पार्षद के अलावा वार्डवासियों की भी यही मंशा रहती है कि उनका क्षेत्र साफ-सुथरा रहे, स्वच्छ रहे. यह हम सबकी जिम्मेदारी भी है, जिसे हमें निभाना पड़ेगा. कचरा फेंकने वालों पर जब तक दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी, यह समस्या बनी रहेगी.
– अनिल पाराशर
सख्ती से चालानी कार्रवाई की मुहिम शुरू की जाएगी
मकान मालिक की लापरवाही है, उन्हें अपने किरायदारों को जागरूक करना चाहिए. कुछ क्षेत्र में हमने कैमरे लगाकर सख्ती से चालानी कार्रवाई की है. अब कैलाशपुरी, काशीनगर, चेतननगर में मुहिम चलाई जाएगी.
– प्रणव मण्डल,पार्षद
