जबलपुर: शोभापुर-गोकलपुर वार्ड स्थित खसरा नंबर 391/12/झ एवं संबंधित भूमि को लेकर सिंह परिवार ने प्रेसवार्ता आयोजित कर सैनी परिवार पर अवैध कब्जा, धमकी और दुष्प्रचार के गंभीर आरोप लगाए। श्वेता सिंह ने बताया कि यह भूमि वर्षों पुरानी वैधानिक आवासीय संपत्ति है, जहां अनेक परिवार निवासरत हैं। प्रेसवार्ता में शोभना सिंह, नरेन्द्र सिंह, श्वेता सिंह, रमेश सिंह, महेश सिंह और रागिनी सिंह ने आरोप लगाया कि एडवोकेट आर.के. सैनी, राकेश सैनी, रोहित सैनी, सुभाष सैनी एवं उनके सहयोगी बिना अनुमति निर्माण कर उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
परिवार का कहना है कि उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है और झूठी शिकायतों के माध्यम से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।सिंह परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में उनके कार्यालय में तोड़फोड़ करवाई गई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। उनका कहना है कि सैनी परिवार द्वारा विभिन्न मंचों पर दायर याचिकाएं भी निरस्त हो चुकी हैं। परिवार ने प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
