सतना :मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत सतना जिले के 262 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष ट्रेन शुक्रवार को हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए रवाना की गई। स्टेशन परिसर में महापौर योगेश ताम्रकार एवं जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद यात्रियों को गाजे-बाजे के साथ प्लेटफार्म तक सम्मानपूर्वक ले जाया गया और विधिवत रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान एसडीएम एल.आर. जांगड़े, तहसीलदार जसो यादवेन्द्र मणि त्रिपाठी, पटवारी बृजेश निगम, स्टेशन प्रबंधक अब्दुल अतीम, रवीन्द्र सिंह सेठी, श्यामलाल गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों के सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की कामना की।
महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर प्राप्त हो रहा है। यह योजना समाज के उन वर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते थे। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल लोगों की धार्मिक आस्था को बल मिल रहा है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी हो रहा है। यात्रियों ने भी इस अवसर पर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया और यात्रा के लिए उत्साह जताया।
