
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति के तत्वावधान में हाईकोर्ट की मुख्यपीठ जबलपुर अंतर्गत आने वाली समस्त जेलों में बृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत ने पेटिंग, स्कैच बनाने वाले व आर्केस्ट्रा के कलाकार बंदियों के अलावा योगा टीम के बंदियों के खातों में एक हजार रुपये प्रोत्साहन राशि जमा करने के निर्देश विधिक सहायता अंतर्गत प्रदान किये।
सीजे श्री कैत ने जेल आर्केस्ट्रा के कलाकारों को बाहर भी कार्यक्रम करने की अनुमति के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के भी निर्देश दिये। जेल में बंदियों द्वारा निर्मित समोसे तथा अन्य व्यंजनों के विक्रय हेतु प्रोत्साहन के निर्देश भी दिये। इस दौरान सीजे को जेल बंदियों द्वारा बनाई गई पेटिंग व चरखा भेंट किया गया।
इस कार्यक्रम में चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत, जस्टिस संजीव कुमार सचदेवा, जस्टिस अतुल श्रीधरन, जस्टिस विवेक अग्रवाल का पुष्पगुच्छ से स्वागत करने के साथ ही गार्ड आफ-आनर दिया गया। इसी के साथ बृहद स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ हुआ। सीजे सहित अन्य ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की शयिका पर पुष्पांजलि अर्पित की। वार्ड का अवलोकन किया। जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर द्वारा कार्यक्रम का परिचय दिया गया। केन्द्रीय जेल जबलपुर का भौतिक रूप से तथा अन्य जेलों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का वीडियों कान्फ्रेसिंग के माध्यम से अवलोकन करके शिविर के संबंध में चर्चा की गई। बंदियों को सम्बोधित भी किया गया। शिक्षा एवं विधिक सहायता तथा प्रशिक्षण व पुनर्वास पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में जेल बंदियों द्वारा मनमोहक गायन की भी प्रस्तुतियां दी गंई। जेल में बंदियों द्वारा निर्मित सामग्रियों का भी अवलोकन किया गया। जेल पाकशाला, बंदी योगा व जेल अस्पताल, जेल बंदी बैरिक व जेल वीडियों कॉन्फेसिंग का भी अवलोकन किया गया है। जेल में पुरूष महिला बंदियों का विशेष स्वास्थ्य परीक्षण किये जाने हेतु कैम्प में जनरल मेडिसिन, जनरल सर्जरी, अस्थि रोग, स्किन एंड वीडी, गायनिक, डेंटल, न्यूरोलाजी, मनोरोग, नेत्र, शिशु, कैंसर, नेफ्रोलाजी, ईएनटी विभाग के 17 चिकित्सकों के द्वारा 410 पुरूष बंदी, 52 महिला बंदी तथा 06 बच्चों सहित कुल 468 का चैकअप किया गया है।
