छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत गठेवरा हार में हुई लूटपाट और हमले की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने 13 नवंबर दोपहर 3:30 बजे पुलिस लाइन के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी दी कि ये आरोपी गठेवरा हार के साथ-साथ किशनगढ़ क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की घटना में भी शामिल रहे हैं। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को दबोचा।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सीएसपी ने बताया कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
लूटपाट और हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, चार अब भी फरार
