ग्लासगो (स्कॉटलैंड) 29 जुलाई (वार्ता) राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पांचवें दिन धावक गुलवीर सिंह ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीता और वहीं भारोत्तोलन में 69 किग्रा वर्ग में हरजिंदर कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
मंगलवार को गुलवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। वे राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।
मौजूदा एशियाई चैंपियन गुलवीर ने स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में 27:49.78 का समय लिया और ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन (27:48.93) के बाद दूसरे स्थान पर रहे, जबकि आइल ऑफ मैन के डेविड मुल्लार्की ने 27:50.28 के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
वहीं दूसरी ओर, टीनएज हाई जम्पर पूजा सिंह अपने पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में आठवें स्थान पर रहीं, जबकि विशाल टीके पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में पहुँच गए।
25-लैप की इस दौड़ के ज़्यादातर हिस्से में लगातार बारिश के बीच दौड़ते हुए, गुलवीर शुरू से ही आगे रहने वाले ग्रुप के साथ बने रहे। उन्होंने 3000 मीटर की दूरी 8:39.2 में पूरी की, पांचवें स्थान पर खिसकने के बावजूद 6000 मीटर तक मुकाबले में बने रहे, और आखिरी लैप का संकेत देने वाली घंटी बजने से पहले तीसरे स्थान पर आ गए। इसके बाद भारत के इस बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर ने शानदार फ़िनिशिंग की और रजत पदक पक्का किया।
यह 1986 के कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद पहली बार था जब पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में कोई भी अफ़्रीकी एथलीट टॉप तीन में जगह नहीं बना पाया। यह मेडल पिछले दो सालों में गुलवीर की शानदार तरक्की में एक और उपलब्धि है।
28 वर्षीय भारतीय एथलीट ने 2023 एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता था, 2024 से कई बार भारतीय 10,000 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ा है और उनके नाम 27:00.22 का नेशनल रिकॉर्ड है। इस साल की शुरुआत में, उन्होंने इस इवेंट में वर्ल्ड एथलेटिक्स रैंकिंग के टॉप 10 में भी जगह बनाई थी।
गुलवीर ग्लासगो में 5000 मीटर दौड़ में भी हिस्सा लेंगे।
भारोत्तोलन में हरजिंदर कौर ने महिलाओं के 69 किग्रा स्पर्धा में रजत पदक जीता। एसईसी आर्माडिलो में खेलते हुए, 29 वर्षीय भारतीय वेटलिफ्टर ने कुल 227 किग्रा (101 किग्रा स्नैच 126 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का भार उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार अपना दूसरा पदक हासिल किया।
हरजिंदर ने बर्मिंघम 2022 में महिलाओं के 71 किग्रा कैटेगरी में कुल 212 किग्रा (93 किग्रा स्नैच 119 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का भार उठाकर कांस्य पदक जीता था।
कनाडा की शार्लेट सिमोन्यू ने 240किग्रा (108किग्रा 132किग्रा) के राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड कुल वजन के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया की नया फीबे हेमन ने 218किग्रा (97किग्रा 121किग्रा) के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
हरजिंदर का स्नैच मुक़ाबला शानदार रहा, जिसमें उन्होंने 95किग्रा, 99किग्रा और 101किग्रा का वजन सफलतापूर्वक उठाया। उनकी आख़िरी लिफ़्ट कुछ समय के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड बनी, लेकिन फिर सिमोन्यू ने 104किग्रा और 108किग्रा की सफल लिफ़्ट के साथ उसे तोड़ दिया।
भारतीय खिलाड़ी ने क्लीन एंड जर्क में भी अपना शानदार फ़ॉर्म जारी रखा और 120किग्रा, 123किग्रा और 126किग्रा का वजन उठाकर बढ़त बना ली। उनकी आख़िरी लिफ़्ट भी कुछ समय के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड बनी, लेकिन सिमोन्यू ने क्लीन एंड जर्क की अपनी पहली कोशिश में 127किग्रा का वजन उठाकर जवाब दिया और आखिरकार स्वणै जीतने के सफर में इस रिकॉर्ड को और बेहतर किया।
