खाड़ी देशों पर हमले को समर्थन नहीं, शांति बहाल करने पर काम जारी रखेंगे : चीन

बीजिंग, 11 मार्च (वार्ता) चीन ने खाड़ी देशों पर हमलों का विरोध करते हुए क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति बहाल करने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाने की बात कही है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बुधवार को कहा कि चीन खाड़ी देशों पर हमलों का समर्थन नहीं करता है और नागरिकों तथा गैर-सैन्य लक्ष्यों पर होने वाले अंधाधुंध हमलों की निंदा करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में सबसे बड़ी प्राथमिकता शत्रुता और संघर्ष को और फैलने से रोकना है। चीन संबंधित पक्षों के साथ सहयोग बढ़ाकर क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति स्थापित करने के प्रयास जारी रखेगा। गौरतलब है कि क्षेत्र में तनाव 28 फरवरी को उस समय बढ़ गया था जब अमेरिका और इज़रायल ने ईरान के कई ठिकानों, जिनमें तेहरान भी शामिल है, पर हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने इज़रायल और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

इसी बीच होर्मुज़ जलडमरूमध्य मार्ग में भी तनाव बना हुआ है। दुबई से लगभग 50 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में बुधवार को एक मालवाहक जहाज पर प्रक्षेपास्त्र से हमला किया गया, जिससे वह इस क्षेत्र में हाल के दिनों में निशाना बनाए गए तीसरे जहाज के रूप में सामने आया। ब्रिटेन की यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार जहाज के चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी पर्यावरणीय क्षति की सूचना नहीं है। इससे पहले ओमान के मुसंदम प्रायद्वीप के उत्तर में एक कार्गो जहाज में आग लगने के कारण उसे खाली कराना पड़ा था, जबकि संयुक्त अरब अमीरात के तट के पास एक अन्य जहाज भी क्षतिग्रस्त हुआ था। यूकेएमटीओ के अनुसार संघर्ष बढ़ने के बाद से अब तक क्षेत्र में 13 जहाजों पर हमले किए जा चुके हैं।

Next Post

अमेरिका-दक्षिण कोरिया अभ्यास के बीच किम जोंग उन ने क्रूज मिसाइल परीक्षण का किया निरीक्षण

Wed Mar 11 , 2026
प्योंगयांग, 11 मार्च (वार्ता) उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने देश के नए युद्धपोत से किए गए क्रूज मिसाइल परीक्षण का निरीक्षण किया। यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया से 11 दिन का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘फ्रीडम शील्ड ‘ शुरू किया है। […]

You May Like

मनोरंजन