
भोपाल, इंदौर, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में वन विभाग को लेकर दिए गए एक बयान पर कांग्रेस ने सरकार को घेर लिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने श्री विजयवर्गीय के बयान को सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए कहा, ”मायूस मंत्रीजी कह रहे हैं, जंगलराज का वन विभाग बेलगाम है! यह भी ‘सरकारी अराजकता’ का पैगाम है!”
वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस बयान को लेकर कहा कि नेता ही नहीं, अब मंत्री भी बेबस हैं। वन विभाग न मंत्री की सुनता है, न मुख्यमंत्री की। मंत्री खुद ही मंच से कह रहे हैं कि वन विभाग से पौधे तक समय पर नहीं मिलते।
उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में सरकार चल रही है या अफसरों की मनमानी? मुख्यमंत्री और मंत्रियों की बात ठुकराना अब वन विभाग के अधिकारियों की आदत बन चुकी है।
दरअसल कल पौधारोपण से जुड़े एक समारोह के दौरान श्री विजयवर्गीय ने मंच से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को संबोधित करते हुए कहा, ”वन विभाग का जितना सहयोग मिलना चाहिए, उतना मिला नहीं। माननीय मुख्यमंत्री जी से मैं निवेदन करूंगा कि आप विदेश जा रहे हैं तो वन विभाग को निर्देश देकर जरूर जाएं।”
कांग्रेस ने इसी बयान को लेकर सरकार को घेर लिया है।
