​पहले पानी या पहले गैस: जल संकट के बीच सीहोर नपा का फैसला, गैस लाइन की खुदाई पर रोक

सीहोर:शहर में घर-घर पाइप गैस पहुंचाने के लिए चल रहे गेल इंडिया लिमिटेड के कार्य पर फिलहाल नपा ने रोक लगा दी है. लगातार पेयजल सप्लाई लाइनें क्षतिग्रस्त होने और भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी संकट का सामना करना पडऩे के कारण नपा ने कंपनी को नोटिस जारी कर काम बंद करने के निर्देश दिए हैं. नपा का कहना है कि शहर में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई की जा रही है और ऐसे समय में पाइप लाइन टूटने से कई इलाकों में पानी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है.
शहर में इन दिनों 44 से 46 डिग्री तापमान के बीच लोग गर्मी से बेहाल हैं. ऐसे में पानी की मांग भी बढ़ गई है. दूसरी ओर गैस पाइप लाइन डालने के दौरान बार-बार पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो रही हैं. नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार गैस लाइन बिछाने के दौरान कई स्थानों पर यह स्पष्ट नहीं हो पाता कि नीचे से पानी की लाइन गुजर रही है या नहीं. इसी कारण खुदाई के दौरान पेयजल की पाइप लाइनें टूट रही हैं और सप्लाई बाधित हो रही है.

नपा का कहना है कि पाइप लाइन टूटने के बाद मरम्मत कार्य कंपनी द्वारा कराया जाता है, लेकिन कई बार इसे ठीक करने में काफी समय लग जाता है. इसका सीधा असर उन क्षेत्रों पर पड़ता है जहां लोग पहले से ही सीमित पानी सप्लाई पर निर्भर हैं. कई कालोनियों में लोगों को टैंकरों और अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ रहा है. स्थिति को देखते हुए सीएमओ द्वारा कंपनी को नोटिस जारी कर फिलहाल कार्य रुकवाया गया है. ऐसे में शहर के अधिकांश क्षेत्रों को गैस के लिए इंतजार करना पड़ सकता है.
पानी नहीं पहुंचने से बढ़ रहा लोगों का आक्रोश
गर्मी के इस दौर में शहर के अधिकांश क्षेत्रों में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई हो रही है. ऐसे में यदि किसी क्षेत्र की लाइन क्षतिग्रस्त हो जाए तो लोगों को लंबे समय तक परेशानी उठानी पड़ती है. कई स्थानों पर नागरिकों ने नगर पालिका में शिकायतें भी दर्ज कराई हैं. अधिकारियों का कहना है कि पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है, इसलिए पहले जल सप्लाई को प्राथमिकता देना जरूरी है. नतीजतन नपा को नोटिस देने को बाध्य होना पड़ा है.
लंबे समय तक काम बंद रहने से बढ़ेगी देरी
गेल इंडिया के प्रोजेक्ट मैनेजर विनोद कुमार रॉय का कहना है कि यदि लंबे समय तक काम बंद रखा गया तो परियोजना की गति प्रभावित होगी. इससे न केवल कंपनी को आर्थिक नुकसान होगा बल्कि शहरवासियों को गैस कनेक्शन मिलने में भी देरी हो जाएगी. उन्होंने कहा कि जहां भी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होती है वहां तत्काल मरम्मत कराई जाती है और भविष्य में अतिरिक्त सावधानी बरती जाएगी. शहर की विश्वनाथपुरी कॉलोनी, ड्रीम सिटी, चाणक्यपुरी, कंचन विहार, अवधपुरी, वैशाली नगर, सुभाष मार्ग और कनकपुरी क्षेत्र में अब तक घरेलू गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं. इन इलाकों में बड़ी संख्या में लोग पाइप गैस सुविधा का लाभ लेने लगे हैं.
इंग्लिशपुरा में दूसरे चरण का कार्य कल से
कंपनी द्वारा इंग्लिशपुरा क्षेत्र को तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है. पहले चरण का कार्य पूरा हो चुका है. शनिवार से दूसरे चरण के तहत करीब 370 घरेलू गैस कनेक्शन दिए जाएंगे. वहीं तीसरे चरण में लगभग 200 कनेक्शन और प्रदान किए जाने हैं. गेल इंडिया की योजना के तहत पूरे शहर में करीब 150 किलोमीटर लंबी डिस्ट्रीब्यूशन पाइप लाइन बिछाई जानी है. अब तक लगभग 85 किलोमीटर लाइन डाली जा चुकी है. इसके अलावा मुख्य पाइप लाइन का करीब 9 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है और इतनी ही लंबाई में आगे काम होना बाकी है. परियोजना के तहत शहर में लगभग 20 हजार घरेलू गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

Next Post

बिजली का तार टूटने से सात गौवंश की मौत, गांव में मचा हड़कंप

Fri May 29 , 2026
सिंगरौली: जिले के देवसर क्षेत्र के इटमा गांव में बिजली का तार टूटकर गिरने से सात गौवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि खेत के पास से गुजर रही […]

You May Like