जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत ग्लोबल इंजीनियरिंग कॉलेज में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की परीक्षा देने आए करीब 7 परीक्षार्थियों की गाड़ियों के लॉक तोड़कर अज्ञात चोरों ने उनके मोबाइल, सोने के जेवर, एटीएम और नकदी पार कर दिए।जानकारी अनुसार नरसिंहपुर में सहायक कृषि यंत्री विभाग में प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर के पद पर पदस्थ प्राची भोसले (29) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड टीसीए आईओन लैब की परीक्षा देने आई थीं। सुरक्षा के लिहाज से अपना मोबाइल और सोने का लॉकेट अपनी एक्टिवा की डिक्की में रख दिया था।
लेकिन जब वह परीक्षा देकर लौटीं, तो उनका सामान चोरी हो चुका था। चोरों ने प्राची की एक्टिवा के आसपास पार्क की गई अन्य परीक्षार्थियों की गाड़ियों को भी निशाना बनाया। मनस्वी अग्रवाल, यश राज प्रधान, यश कुमार यादव, वरध घानेकर और प्रतीक कुमार का मोबाइल चोरी हुआ है।शशांक कुशवाहा के पर्स से 1,500 रुपये व चश्मा और अंचल मिश्रा के 6,000 रुपये व क्रेडिट कार्ड पर चोरों ने हाथ साफ किया। वरध घानेकर का एक्सिस बैंक एटीएम, ड्राइविंग लाइसेंस व 2 आरसी कार्ड और प्रतीक कुमार का पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस व 2 एटीएम भी गायब हैं।
