
भोपाल: भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) के छठे वर्ष के अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बीएचईएल कॉरपोरेट कार्यालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देशानुसार नशा विरोधी राष्ट्रीय शपथ दिलाई गई। बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने महाप्रबंधकों एवं विभागीय उत्तरदायी अधिकारियों के साथ शपथ ली।
विभिन्न विभागों, शॉप फ्लोर, ब्लॉक, एनेक्सी और कार्यालयों में भी सामूहिक शपथ कार्यक्रम हुए। विभागाध्यक्षों एवं अनुभाग प्रभारियों के मार्गदर्शन में कर्मचारियों ने मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा कार्यस्थल को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। टीएडी कार्यालय और सीआईएसएफ इकाई के सदस्यों ने भी अभियान में भागीदारी की।
बीएचईएल टाउनशिप के जवाहरलाल नेहरू स्कूल, हबीबगंज, विक्रम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पिपलानी और कस्तूरबा नर्सिंग कॉलेज ने भी अभियान में सहभागिता की। तीन प्रमुख फैक्ट्री गेटों पर जागरूकता संबंधी बैनर लगाए गए हैं। वहीं, 13 अगस्त से वीआईपी रोड चौराहे के डिजिटल बोर्ड पर भी नशामुक्ति संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। कर्मचारियों के बीच ऑनलाइन शपथ लिंक भी साझा किया गया है।
