अमेरिका के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच इस सप्ताह पांच दिन की भारत यात्रा पर आएंगे

नयी दिल्ली, (वार्ता) भारत सहित विभिन्न देशों के विरुद्ध जवाबी ऊंचे आयत शुल्क लगाने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की घोषणाओं के बीच अमेरिका के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच इस सप्ताह अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत की यात्रा पर आएंगे।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने इस यात्रा से पूर्व सोमवार को एक बयान में कहा कि दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के निर्देशानुसार भारत अमेरिका के साथ व्यापार एवं आर्थिक क्षेत्र में मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्रालय को आशा है कि इस संबंध में अमेरिकी दल के साथ रचनात्मक बातचीत होगी।

मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अमेरिकी व्यापार विभाग के प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा आधिकारिक स्तर पर नियमित भारत-अमेरिका व्यापार-संबंधी बातचीत के लिए हो रही है। बयान में कहा गया कि दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिका के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच, अमेरिकी सरकारी अधिकारियों की एक टीम के साथ, 25-29 मार्च तक भारत का दौरा करेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि “दोनों देशों के नेताओं के निर्देशानुसार, भारत और अमेरिका दोनों में समृद्धि और नवाचार को बढ़ाने और दोनों देशों के बीच आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण को गहरा करने के लिए व्यापार एवं आर्थिक क्षेत्रों में अमेरिकी पक्ष के साथ काम करने के लिए भारत प्रतिबद्ध है।”

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि “हम पारस्परिक रूप से लाभकारी तरीके से अपने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को विस्तार एवं गहरा करने के लिए आने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्पादक एवं रचनात्मक चर्चाओं की आशा करते हैं।”

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत को उसके सामानों पर ऊंची प्रशुल्क लगाने वाले देशों की गिनती में शामिल कर जवाबी कार्यवाही करने की धमकी दी है। अमेरिका इन देशों के चुनिंदा सामानों पर अपने यहां दो अप्रैल से शुल्क बढ़ा सकता है।

श्री ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके निमंत्रण पर वाशिंगटन गए थे। दोनों नेताओं ने वहां पारस्परिक एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श करने के साथ-साथ आपूर्ति श्रृंखला में नवाचार एवं सहयोग को बढ़ाने के लिए भारत और अमेरिका के बीच व्यापार एवं आर्थिक क्षेत्र में सहयोग का विस्तार किए जाने पर बल दिया था।

दोनों पक्षों के बीच एक मुक्त व्यापार समझौता किए जाने के बारे में भी चर्चा चल रही है।

Next Post

विधानसभा सत्र में जबलपुर की लीज होल्ड को फ्री होल्ड करने की उठी मांग

Tue Mar 25 , 2025
विधायक अभिलाष ने उठाया मुद्दा जबलपुर: उत्तर मध्य विधानसभा के कई क्षेत्रों में स्थित जमीन को लीज होल्ड से फ्री होल्ड कराने के मुद्दे को विधायक अभिलाष पांडे ने विधानसभा सत्र में उठाया है। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक अभिलाष ने सरकार को बताया कि उत्तर मध्य विधानसभा के अंतर्गत […]

You May Like