
सीधी। जिले के कुसमी थानांतर्गत महान नदी में बहे चरवाहे का शव करीब 20 घंटे बाद शनिवार को नदी किनारे झाडिय़ों में फंसा मिला। शव मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम लटगढ़ निवासी रामपाल बैगा शुक्रवार को बावन डकारू जंगल के पास महान नदी किनारे बकरियां चराने गए थे। इसी दौरान एक गाय को बचाने की कोशिश करते समय वे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नदी के आसपास उनकी तलाश शुरू की। देर रात तक तलाश के बावजूद रामपाल का कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार को पिपरडोलना-मेडरा के पास नदी किनारे झाडिय़ों में उनका शव फंसा हुआ मिला। टीम ने शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई की। कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी के अनुसार पुलिस और राजस्व अधिकारियों द्वारा शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
