समय बदला, माध्यम बदले, जनता की आवाज बना रहा नवभारत

भोपाल। नवभारत की यह विशेष श्रृंखला हमें उसके गौरवशाली सफर, विस्तार और पत्रकारिता की बदलती यात्रा से रूबरू कराती है। इस पांचवे और अंतिम एपिसोड में हम इस यात्रा को समेटते हुए उन उपलब्धियों, पड़ावों और मूल्यों को याद करेंगे, जिन्होंने नवभारत को पाठकों की आवाज और समाज के प्रहरी के रूप में स्थापित किया। शहरों से गांवों तक, प्रिंट से डिजिटल तक यह सफर निरंतर विस्तार और विश्वास का सफर रहा है।

यह भविष्य की नई पत्रकारिता की ओर बढ़ते कदमों की शुरुआत है। हम उस विरासत पर, नजर डालते हैं, जिसने नवभारत को एक समाचार पत्र से बढ़कर जन-जन की आवाज बनाया और उस भविष्य पर, जहां यह यात्रा नए तेवर और नई तकनीक के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

ग्वालियर और सतना ने नवभारत की पहुंच को मध्यप्रदेश के उत्तर और विंध्य क्षेत्र तक विस्तार दिया। वर्ष 1995 में ग्वालियर संस्करण शुरू हुआ, जबकि 1999 में सतना संस्करण का प्रकाशन प्रारंभ हुआ। इन दोनों संस्करणों ने इन क्षेत्रों में नवभारत को मजबूत आधार दिया और स्थानीय खबरों को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसी क्रम में वर्ष 2000 से छिंदवाड़ा संस्करण भी शुरू हुआ। इसके साथ नवभारत के 10 संस्करणों का नेटवर्क पूरा हुआ। यह विस्तार केवल भौगोलिक पहुंच बढ़ाने तक सीमित नहीं था, बल्कि बदलते समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप में आ रहे बदलावों की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम था।

इसके बाद पत्रकारिता का दौर तेजी से बदला। प्रिंट के साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और फिर इंटरनेट तथा डिजिटल मीडिया ने समाचारों के स्वरूप, प्रस्तुति और प्रसार को नई दिशा दी। नवभारत ने भी बदलती तकनीक और पाठकों की बदलती जरूरतों के अनुरूप डिजिटल पत्रकारिता की ओर कदम बढ़ाया। वेबसाइट, सोशल मीडिया, मोबाइल और वीडियो प्लेटफॉर्म के माध्यम से खबरों की पहुंच तत्काल और व्यापक पाठक वर्ग तक होने लगी।

डिजिटल दौर ने नवभारत की पत्रकारिता को अधिक तेज, संवादात्मक और बहुआयामी बनाया है। अब खबर केवल अगले दिन के अखबार तक सीमित नहीं रही, बल्कि घटनास्थल से तत्काल अपडेट, फोटो, वीडियो, लाइव कवरेज, एक्सप्लेनर और विश्लेषण के रूप में पाठकों तक पहुंचने लगी है। नवभारत की पत्रकारिता यात्रा में यह बदलाव उस निरंतर विकास का हिस्सा है, जिसमें संस्थान ने समय के साथ तकनीक, माध्यम और पाठकों की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को विस्तार दिया।

नवभारत की यात्रा केवल समाचार-पत्र के विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि पत्रकारिता, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्वों की भी यात्रा है। संस्थापक श्री रामगोपाल जी माहेश्वरी बाबूजी के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला और उनके सम्मान में डाक विभाग द्वारा 20 नवंबर 2012 को डाक टिकट जारी किया जाना उनके योगदान की महत्वपूर्ण पहचान है।

मप्र में नवभारत के विस्तार के प्रमुख शिल्पकार रहे श्री प्रफुल्ल कुमार माहेश्वरी ने भी सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई। संसद सदस्य के रूप में उन्होंने जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी निभाते हुए जनसेवा को प्राथमिकता दी। वहीं रोटरी के माध्यम से सामाजिक सेवा और उद्योग-व्यापार के क्षेत्र में उनका योगदान बृहद है। इस तरह समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए गए कार्यों ने उनके व्यक्तित्व के सामाजिक पक्ष को मजबूत किया। पत्रकारिता के माध्यम से भी उन्होंने जनगण की आवाज को मंच देने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की परंपरा को आगे बढ़ाया। इस तरह नवभारत के लिए पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने का माध्यम नहीं रही, बल्कि जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और सरोकारों को सामने लाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम बनी। यही नवभारत की यात्रा की विशेषता रही है। समय बदला, माध्यम बदले और तकनीक बदली, लेकिन जनता की आवाज बनने और समाज के सरोकारों को सामने लाने का मूल उद्देश्य निरंतर कायम रहा। प्रिंट से डिजिटल तक नवभारत का यह सफर पत्रकारिता की उस परंपरा का विस्तार है, जिसमें समाचार केवल सूचना नहीं, बल्कि जनविश्वास, जनसंवाद और जनसेवा का माध्यम बनता है।

Next Post

ओंकारेश्वर पावर स्टेशन में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Sun Aug 16 , 2026
ओंकारेश्वर, मां नर्मदा की पावन तट और भगवान ओंकारेश्वर महादेव की दिव्य भूमि पर स्थित ओंकारेश्वर पावर स्टेशन में शनिवार 16 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया।   समारोह के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख डी.के. द्विवेदी और लेडीज क्लब अध्यक्षा अंजना […]

You May Like