सिंगरौली: जिले में गुरुवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को उस समय राहत मिली, जब तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के चलते कई क्षेत्रों में धूलभरी आंधी चली, जिससे कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित हुई।
इसके बाद हुई बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़-पौधे गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें भी सामने आई हैं।
मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने लोगों को चौंका दिया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक-दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, जिसमें कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
