इंदौर:हीरानगर क्षेत्र में नाबालिग लड़की से मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फुटेज के आधार पर ग्वालटोली में रहने वाला शुभम उर्फ मॉडल धीमान को पुलिस ने पकड़ा है, जो सोशल मीडिया पर गैंगस्टर नाम से आईडी चलाता है.थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से लूट समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस ने इस मामले में शुभम के साथ उसके 16 वर्षीय नाबालिग दोस्त और एक नाबालिग लड़की को भी हिरासत में लिया है. पूछताछ में सामने आया कि शुभम के नाबालिग दोस्त की गर्लफ्रेंड का पीड़ित लड़की से विवाद हुआ था. इसी बात पर आरोपी ने लड़की को बुलाकर उसके साथ मारपीट की. वारदात के बाद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया कर दिया था, ताकि समूह में डर का माहौल बनाया जा सके. घटना मार्च माह की बताई जा रही है, जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया. पुलिस ने वीडियो वायरल होते ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है
