बैतूल। कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले एक आर्मी जवान को महाराष्ट्र के अमरावती जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप धुर्वे पिछले एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। उसने फेसबुक के जरिए महिला से दोस्ती की थी और खुद को अविवाहित बताकर संबंध बनाए। जिससे पीडि़ता का एक बेटा भी है। पुलिस ने मुखबिर और साइबर सेल की मदद से आरोपी को अमरावती जिले के वरुड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है और उसे बैतूल लाकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने पिछले साल 22 अप्रैल को अपने 3 वर्षीय पुत्र के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2021 में उसकी फेसबुक पर संदीप धुर्वे से पहचान हुई थी। संदीप ने खुद को अविवाहित बताकर उससे प्रेम संबंध बनाए और शादी का वादा किया। पीडि़ता के गर्भवती होने पर आरोपी उसे महाराष्ट्र के परतवाड़ा और बाद में उत्तर प्रदेश के मेरठ में किराए के मकान में रखता रहा। वहीं पीडि़ता की डिलीवरी भी कराई गई। जब पीडि़ता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। जांच में पता चला कि आरोपी पहले से ही विवाहित है। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी संदीप (34) पिता मूलचंद धुर्वे (निवासी परतवाड़ा) के खिलाफ धारा 376(2)(एन) और 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। उस समय आरोपी मेरठ के तोपखाना कैंट में पदस्थ था।
तबादला करवाकर दे रहा था चकमा, वरुड़ क्षेत्र से पकड़ाया
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपने खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद उसका तबादला मेरठ से मणिपुर के लीमाकोंग और फिर नागालैंड के जखामा पोस्ट पर हो गया। वह करीब एक साल तक छुट्टी पर घर नहीं आया और पुलिस को चकमा देता रहा। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ट्रेन से अपने घर परतवाड़ा आ रहा है। आरोपी ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए बस से आने की गलत जानकारी भी दी थी। कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने अमरावती जिले के वरुड़ क्षेत्र के पास दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
