
उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत रेलवे ने शनिवार सुबह माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। प्लेटफॉर्म नंबर 8 के पास रेलवे की जमीन पर बने मजार, मस्जिद, शाही मकबरे और अन्य निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। सुबह 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई करीब 11 बजे तक चली। इस दौरान छह जेसीबी मशीनों की मदद से निर्माण हटाए गए।
रेलवे के अनुसार, संबंधित भूमि पर करीब 15 हजार वर्गफीट क्षेत्र में अतिक्रमण था। जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद यहां सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से ठहराने और भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी।
रेलवे के पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि हाईकोर्ट से स्टे खारिज होने के बाद रेलवे की जमीन खाली कराने की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान मौके पर 100 से अधिक आरपीएफ जवान तैनात रहे। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। इनमें एसडीएम पवन बारिया और सीएसपी दीपिका शिंदे शामिल रहे।
