
भोपाल। खजूरी सड़क थाना पुलिस ने एक 32 साल की महिला की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है. पीड़ित महिला के पति की मौत हो चुकी है. आरोपी इसका फायदा उठाकर चार साल तक महिला को धमकाया भी. पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक महिला के पति की मौत कई साल पहले हो चुकी है और उसके चार बच्चे हैं. वह एक निजी कंपनी में काम करती है और साथ में काम करने वाले आरोपी सहकर्मी राहुल मालवीय के खिलाफ महिला ने केस दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि राहुल ने करीब चार साल पहले उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था. आरोपी ने महिला के साथ बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया. महिला को मंदिर घुमाने के बहाने से राहुल लेकर गया था. उसके पास महिला के अश्लील फोटो और वीडियो भी थे. कुछ दिन पहले आरोपी ने फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसके रिश्तेदारों को भी भेजा. महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
