इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के नेहरू वनग्राम में खेत पर सिंचाई के लिए पानी की मोटर चालू करने गए किसान की करंट लगने से मौत हो गई. स्टार्टर चालू करते ही करंट की चपेट में आए किसान काफी देर तक खेत में अचेत पड़े रहे. आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
मृतक कमल पिता गेंदालाल उम्र 50 साल निवासी नेहरू वनग्राम किसान थे.
वे रोज की तरह खेत पर फसल की सिंचाई के लिए गए थे. मोटर शुरू करने के लिए जैसे ही उन्होंने स्टार्टर का बटन दबाया, अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े. काफी देर बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने उन्हें पड़ा देखा. सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और कमल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. तेजाजी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
