बड़ी मात्रा में मांझे की चरखी जप्त
जबलपुर: आम जनमानस और मूक पशु-पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने प्रतिबंधित चीनी मांझा के विरुद्ध कार्यवाही शुरू कर दिया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रविवार को सघन तलाशी अभियान चलाकर अवैध रूप से बेचे जा रहे चीनी मांझे को जब्त करने की कार्यवाही की गई।
जानकारी के अनुसार नगर निगम की विशेष टीमों ने संभाग क्रमांक 14 विजय नगर और संभाग क्रमांक 6 के अंतर्गत आने वाले प्रमुख क्षेत्रों में दबिश दी। इसमें मुख्य रूप से गोहलपुर, मोती लाल नेहरू वार्ड, चितरंजन दास वार्ड, जाकिर हुसैन वार्ड में व्यापारियों को दी गई सख्त चेतावनी। कार्यवाही के दौरान टीम ने न केवल दुकानों की जांच की, बल्कि व्यापारियों को चीनी मांझे के घातक परिणामों के प्रति जागरूक भी किया।
अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जानलेवा मांझे का विक्रय करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह मानव जीवन और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है। अभियान के दौरान भारी मात्रा में चीनी मांझा और चरखी जब्त कर वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। कार्यवाही के समय अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव एवं श्रीमती अंजू सिंह और बाजार अधीक्षक व नोडल अधिकारी लाइसेंस राजेंद्र दुबे एवं अजय पसेरिया, संदीप पाण्डेय, अमित जोशी, कुलदीप पाठक, संतोष पहाड़िया, घनश्याम, राम स्वरूप रजक, स्वास्थ्य विभाग से एस.आई. के.एल. अहिरवार, कोमल, विजय व बिक्रम और अतिक्रमण विभाग से कुलदीप त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।
