नवभारत सरोकार : कचरे के ढेर से हरियाली तक बदली तस्वीर, मध्यप्रदेश के 9 शहरों ने बनाई राष्ट्रीय पहचान

भोपाल। कहीं कचरे के पहाड़ हटाकर जमीन को उपयोगी बनाया गया, तो कहीं मंदिरों के फूलों से अगरबत्ती और गुलाल तैयार कर महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया। घर-घर कचरा संग्रहण, वैज्ञानिक निस्तारण और नागरिकों की भागीदारी के दम पर मध्यप्रदेश के 9 शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान बनाई है।

स्वच्छता सर्वेक्षण में 43 संकेतकों पर मूल्यांकन के बाद 4751 शहरों का सर्वे किया गया। इसमें 2.70 करोड़ नागरिकों ने फीडबैक दिया। मध्यप्रदेश के शहरों ने अलग-अलग श्रेणियों में उपलब्धियां हासिल कीं।

*देवपालपुर ने 378वीं रैंक से दूसरे स्थान तक लगाई छलांग*

इंदौर ने देवपालपुर को स्वच्छता का मॉडल समझाया। करीब 20 हजार आबादी वाले देवपालपुर ने 378वीं रैंक से सीधे दूसरे स्थान तक का सफर तय किया। अभियान के तहत 15 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण शुरू किया गया। आठ वाहनों से कचरा उठाया जाने लगा और 14 हजार डस्टबिन बांटे गए। पिछले पांच साल में जमा 1250 मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण कर 2.2 एकड़ जमीन को मुक्त कराया गया। अभियान में 500 से अधिक कचरा बीनने वालों को भी शामिल किया गया।

*जबलपुर में रोज 550 टन कचरे की निगरानी*

जबलपुर ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। यहां 491 जीपीएस युक्त वाहनों से रोजाना करीब 550 टन कचरे के संग्रहण और परिवहन की निगरानी होती है। 11.5 मेगावाट क्षमता के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट से कचरे को बिजली में बदलने की व्यवस्था की गई है।

*सागर ने 47 नालों को झील में मिलने से बचाया*

सागर में लाखा बंजारा झील को प्रदूषण से बचाने के लिए 47 नालों को टैप कर सीवेज ट्रीटमेंट व्यवस्था से जोड़ा गया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बुंदेली संस्कृति, फाग, दीवारी गायन और नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया गया।

ग्वालियर में पुराने कचरे का निस्तारण

ग्वालियर में 5.50 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया गया। शहर में प्रतिदिन 1200 टन कचरे के प्रसंस्करण की क्षमता वाला संयंत्र है। 66 वार्डों में करीब 10 हजार नागरिकों से स्वच्छता संवाद किया गया। साथ ही 26 हजार से अधिक उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल की गई।

रीवा में नदी तटों की डिजिटल निगरानी

रीवा में नदी तटों की सफाई के लिए 24 घंटे सक्रिय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है। डिजिटल निगरानी के जरिए सफाई व्यवस्था पर नजर रखी जाती है। कचरा प्रबंधन से जुड़ी क्षेत्रीय वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजना में 220 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है।

उज्जैन में मंदिरों के फूल बने रोजगार का जरिया

उज्जैन में महाकालेश्वर, मंगलनाथ और कालभैरव मंदिर से निकलने वाले फूलों से धूप, अगरबत्ती और प्राकृतिक गुलाल तैयार किया जा रहा है। शिव अर्पण स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इस काम से जुड़ी हैं। पुराने कपड़ों से पेपर बैग और फाइल कवर भी बनाए जा रहे हैं। शहर में 54 वार्डों में 96 वाहनों से कचरा संग्रहण की व्यवस्था है। स्रोत पर कचरा पृथक्करण 95 प्रतिशत से अधिक बताया गया है। वर्ष 2025-26 में स्वास्थ्य विभाग ने 5536 चालान कर 24.40 लाख रुपए का जुर्माना वसूला।

देवास और बुधनी की भी उपलब्धि

50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देवास ने लगातार दूसरी बार देश में पहला स्थान हासिल किया। यहां आरआरआर यानी रिड्यूस, रीयूज और रिसाइकिल केंद्रों पर पुराने कपड़े, प्लास्टिक और घरेलू वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल योग्य बनाया जा रहा है।

वहीं, 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बुधनी ने लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की। यहां भी नियमित सफाई, कचरा संग्रहण और नागरिकों की भागीदारी को सफलता का आधार बनाया गया।

कैलाश विजयवर्गीय बोले- यह तो शुरुआत है

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस बार प्रदेश के इतिहास में नगरीय निकाय विभाग ने बेहतर काम किया, जिसके कारण नौ शहरों को स्वच्छता पुरस्कार मिले। ग्वालियर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने में प्रदेशभर के निकाय अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने दिन-रात काम कर बेहतर व्यवस्थाएं लागू कीं और सफाई कर्मचारियों को सक्रिय किया। आगे भी निकायों को बेहतर व्यवस्थाओं के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि शहरी नागरिकों का जीवन अधिक सुविधाजनक हो सके।

स्वच्छता का असली आधार नागरिकों की भागीदारी

इन शहरों की उपलब्धियां बताती हैं कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है। कचरे का सही प्रबंधन, वस्तुओं का दोबारा उपयोग और नागरिकों की आदतों में बदलाव भी जरूरी है। इंदौर ने देवपालपुर को आगे बढ़ाया, उज्जैन ने फूलों को रोजगार में बदला, सागर ने झील बचाने का रास्ता चुना और ग्वालियर ने कचरे के पहाड़ हटाए। यही इन प्रयासों का सबसे बड़ा संदेश है।

Next Post

अक्टूबर की थाना रैंकिंग में लसूड़िया अव्वल, पंढरीनाथ सबसे पीछे चंदन नगर दूसरे और बाणगंगा तीसरे स्थान पर, कमजोर प्रदर्शन वाले थानों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

Mon Nov 16 , 2026
इंदौर. शहर के 32 पुलिस थानों के अक्टूबर माह के प्रदर्शन की रैंकिंग जारी की गई है. इसमें लसूड़िया थाना लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर रहा, जबकि चंदन नगर और बाणगंगा ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं पंढरीनाथ थाना रैंकिंग में सबसे निचले पायदान […]

You May Like