मोदी ने गुतारेस से की मुलाकात, संयुक्त राष्ट्र में सुधार समेत वैश्विक मुद्दों पर हुई चर्चा

नयी दिल्ली (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को यहां संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस से मुलाकात की और दोनों ने बहुध्रुवीयता के महत्व और समकालीन वास्तविकताओं को प्रतिबिंबित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समेत बहुपक्षीय संस्थानों में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

भारत की मेजबानी में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर हुई बैठक में संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने भारत द्वारा चौथी बार ब्रिक्स की अध्यक्षता संभालने पर प्रधानमंत्री को बधाई दी।

बैठक के बाद श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट में कहा,” संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ एक शानदार बैठक हुई। कई विषयों पर चर्चा हुई, जिसमें भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान अब तक हुई प्रगति, बहुपक्षवाद को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता और संयुक्त राष्ट्र में सुधारों की तत्काल आवश्यकता शामिल है।”

प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने संघर्षों और नौवहन की स्वतंत्रता समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

बातचीत में सतत विकास, मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता , नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रगति और वैश्विक खाद्य सुरक्षा जैसे विषय भी शामिल रहे।

श्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव को उनके कार्यकाल के शेष समय के लिए शुभकामनाएं दीं।

Next Post

शान मसूद शतक से चूके लेकिन पाकिस्तान ने पारी की हार टाली

Sat Sep 12 , 2026
बर्मिंघम, (वार्ता) शान मसूद (95) शतक से चूक गए लेकिन उनके और अन्य बल्लेबाजों के संघर्षपूर्ण प्रदर्शन से पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी टेस्ट में शुक्रवार को पारी की हार टाल दी। पहली पारी में 320 रन से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान ने आज तीसरे दिन आज […]

You May Like