दमोह: पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने जनरल परेड की सलामी ली. इसके बाद पुलिस बल को कानून-व्यवस्था की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया. इस दौरान एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदौरिया, सीएसपी एचआर पांडे, पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी, तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर सहित अधिकारी गण मौजूद रहे.अभ्यास के दौरान पुलिस की पांच पार्टियों ने हिस्सा लिया.
इनमें अश्रु गैस, केन, लाठी, राइफल व रिजर्व पार्टी शामिल रहीं. बलवा जैसी स्थिति का अनुकरण करते हुए पुलिस बल पर पत्थर फेंके गए.पुलिस जवानों ने संयमित कार्रवाई करते हुए न्यूनतम बल का प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया.इस दौरान एसपी आनंद कलादगी ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि बलवा ड्रिल का नियमित अभ्यास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है.ऐसे अभ्यासों से पुलिसकर्मियों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण मिलता है और फील्ड में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता बढ़ती है.उन्होंने आपात स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करने, संयम बरतने और मानवाधिकारों का ध्यान रखते हुए कार्रवाई करने के टिप्स भी दिए.
