भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार, 8 जनवरी को गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र मंत्रियों के सम्मेलन में सहभागिता करेंगे। इस दौरान आज असम राज्य के साथ वन्यजीवों के आदान-प्रदान और टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के अनुसार, मध्यप्रदेश और असम के बीच पूर्व में वन्यजीवों के आदान-प्रदान को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श हो चुका है। आज की चर्चा में मध्यप्रदेश में विलुप्त हो चुकी जंगली भैंसों के पुनर्स्थापन और गैंडों को मध्यप्रदेश लाने के प्रस्ताव पर आगे की रणनीति पर मंथन होगा। साथ ही असम की मांग पर मध्यप्रदेश से बाघ और मगरमच्छ असम स्थानांतरित करने के विषय पर भी चर्चा की जाएगी। इस संबंध में दोनों राज्यों द्वारा केन्द्र सरकार को भेजे गए प्रस्तावों पर भी आज विमर्श संभव है।
इसके अतिरिक्त, आज असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के साथ ईको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन में सहयोग और साझेदारी बढ़ाने को लेकर भी बातचीत होगी।
वस्त्र उत्पादन और निवेश पर आज होगा मंथन
गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा की उपस्थिति में आज कपड़ा उद्योग में निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, नवाचार, कौशल विकास, आधुनिक मांग के अनुरूप वस्त्र उत्पादन तथा राज्यों के बीच सहयोगात्मक मॉडल पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
सम्मेलन का उद्देश्य देश के वस्त्र उद्योग के समग्र विकास को गति देना है। आज पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प से लेकर आधुनिक टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, तकनीकी वस्त्र और निर्यात संभावनाओं पर गहन चर्चा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज सम्मेलन में मध्यप्रदेश की वस्त्र उद्योग नीति, निवेश के अवसर, उद्योग-अनुकूल वातावरण और उपलब्ध संसाधनों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
सम्मेलन के माध्यम से राज्यों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान होगा और वस्त्र क्षेत्र में नई साझेदारियों के रास्ते खुलेंगे। यह आयोजन ‘मेक इन इंडिया–मेक फॉर इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी पहलों को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
आज के इस दौरे में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव आलोक कुमार सिंह एवं प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम चंद्रमौली शुक्ला भी मौजूद रहेंगे।
