
इंदौर. शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र स्थित एक कैफे में पुराने लेन-देन को लेकर दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात गाली-गलौज से होते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने दोनों ही शिकायतों पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित आरजी कैफे की है, जूनी इंदौर के महल कचहरी रोड निवासी अनिरुद्र जोशी की शिकायत पर वीर सावरकर नगर निवासी कबीर साहू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. अनिरुद्र का आरोप है कि वह कैफे में बैठा था, तभी कबीर वहां पहुंचा और पुराने लेन-देन की बात को लेकर झगड़ने लगा. बातों-बातों में उसने गालियां दीं और फिर मारपीट शुरू कर दी. वहीं, दूसरी ओर कबीर साहू ने भी अनिरुद्र के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उसका कहना है कि अनिरुद्र ने पहले हमला किया और उसे जान से मारने की धमकी दी. भंवरकुआं थाना प्रभारी का कहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और अब मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद की शुरुआत किसने की और क्या-क्या हुआ.
