नई दिल्ली, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए गोवा की एयरलाइन FLY91 ने 40 नए ATR 72-600 विमान खरीदने का बड़ा ऐलान किया है। लगभग एक अरब डॉलर की लागत वाली इस इस डील के साथ ही एयरलाइन अपने बेड़े का तेजी से विस्तार करने जा रही है, जिससे देश के छोटे और कम सेवा वाले शहरों के बीच हवाई संपर्क को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
सरकार की UDAN योजना और नए एयरपोर्ट्स के विकास पर जोर
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने इस बड़े ऑर्डर की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय विमानन बाजार की मजबूत क्षमता को दर्शाता है। सरकार देश में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए अगले 10 वर्षों में 100 नए हवाई अड्डों के विकास पर काम कर रही है, जिसके लिए 28,800 करोड़ रुपये के बड़े वित्तीय परिव्यय को भी मंजूरी दी गई है।
टर्बोप्रॉप विमानों से सुदूर इलाकों तक पहुंचेगी कनेक्टिविटी
ATR 72-600 जैसे टर्बोप्रॉप विमान कम परिचालन लागत और छोटी यात्री क्षमता के कारण छोटे मार्गों के लिए बेहद उपयुक्त साबित होते हैं। इन नए विमानों के बेड़े में शामिल होने से FLY91 की कुल क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी, जिससे देश के दूरदराज, हिमालयी और तटीय क्षेत्रों में भी आसानी से विमान सेवाएं शुरू की जा सकेंगी।

