जबलपुर: नकली डीएपी होने की आशंका पर कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिनी ट्रक से 60 बोरी खाद जब्त कर ली है। जब्त खाद के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित उर्वरक विक्रेता, वाहन मालिक एवं क्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।उपसंचालक किसान कल्याण व कृषि विकास उमेश कुमार कटहरे के अनुसार अनुविभागीय कृषि अधिकारी जबलपुर प्रतिभा गौर के नेतृत्व में कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को मझौली चौराहा कटनी रोड पनागर में फैमिली रेस्टोरेंट के पास एक मिनी ट्रक की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 60 बोरी डीएपी खाद पाई गई। प्रारंभिक जांच में खाद नकली प्रतीत होने पर उसके नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। वाहन चालक से खाद के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जानकारी या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कृषि अधिकारियों ने मिनी ट्रक सहित खाद को पनागर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित उर्वरक विक्रेता, वाहन मालिक एवं खरीदार के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
