इंदौर: खजराना गणेश मंदिर में पुजारियों द्वारा श्रद्धालुओं से अलग से दान राशि लेने पर रोक के बाद दान पेटियों में राशि बढ़ने का अनुमान है. करीब साढ़े तीन माह बाद सोमवार को खोली गईं 10 दान पेटियों से 26 लाख रुपए की राशि निकली है. अब मंदिर की प्रमुख दान पेटियों को खोला जाना बाकी है.खजराना गणेश मंदिर में 40 दान पेटियां हैं. सोमवार को परिसर के छोटे मंदिरों में रखी 10 पेटियां खोली गईं. इनसे निकली राशि की गणना पूरी हो चुकी है. मंदिर की मुख्य गणेश प्रतिमा, शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर की दान पेटियों से हर बार अपेक्षाकृत अधिक राशि निकलती है. इन्हें मंगलवार या बुधवार को खोले जाने की संभावना है.
मंदिर में श्रद्धालुओं से अलग से राशि लिए जाने की शिकायत के बाद जिला कलेक्टर और मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा ने इस व्यवस्था पर रोक लगाई थी. शिकायत में बताया था कि मंदिर प्रबंध समिति प्रत्येक पुजारी परिवार को पूजा पाठ के एवज में प्रतिमाह करीब पौने दो लाख रुपए मानदेय देती है. मंदिर विधान के अनुसार इसके अतिरिक्त पुजारियों को चढ़ोतरी लेने का अधिकार नहीं है. इस व्यवस्था पर रोक लगने के बाद श्रद्धालुओं से मिलने वाली राशि दान पेटियों में जाने की संभावना है. इसी आधार पर इस बार सभी पेटियों से पिछले समय की तुलना में अधिक राशि मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है.
सभी पेटियां खुलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होंगी…
सोमवार को 10 दान पेटियां खुल पाई, जिनसे 26 लाख रुपए की राशि प्राप्त हुई है. मंदिर में टोटल 40 दान पेटियां हैं. मुख्य गणेश मंदिर, शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर की पेटियां अभी खोली जानी हैं. इनकी राशि की गणना के बाद कुल दान की स्थिति स्पष्ट होगी.
– घनश्याम शुक्ला, प्रबंधक, खजराना गणेश मंदिर
