मंथन कुटीर ग्रंथालय का शुभारंभ, ज्ञान और वैचारिक संवाद को मिलेगा नया मंच

इंदौर। ज्ञान, विचार और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, इंदौर ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य ग्रंथालय मंथन कुटीर का उद्घाटन किया। सुदर्शन भवन, पंत वैद्य कॉलोनी में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश जी सोनी ने फीता काटकर ग्रंथालय का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता ईश्वरदास हिंदूजा ने की। अपने संबोधन में सुरेश सोनी ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए केवल क्रियाशीलता ही नहीं, बल्कि गहन वैचारिक मंथन भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय न केवल ज्ञान का भंडार होता है, बल्कि यह विचार-विमर्श और बौद्धिक स्पष्टता का आधार भी बनता है।

समिति के उपाध्यक्ष रुपेश पाल और सचिव राकेश कुमार यादव ने जानकारी दी कि मंथन कुटीर में देश-विदेश के प्रतिष्ठित लेखकों की हजारों पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध रहेगा। इसमें धर्म, इतिहास, राजनीति, विज्ञान, समाजशास्त्र और साहित्य सहित विविध विषयों की महत्वपूर्ण कृतियां शामिल हैं।

संस्था से जुड़े मनीष नीम ने बताया कि इस ग्रंथालय का उद्देश्य केवल पुस्तकें उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि एक ऐसा सशक्त मंच तैयार करना है, जहां विद्यार्थी, शोधार्थी, बुद्धिजीवी और आम नागरिक एकत्र होकर अध्ययन, चिंतन और विचारों का आदान-प्रदान कर सकें।

Next Post

इजरायल का दावा, आईआरजीसी के खुफिया प्रमुख और कुद्स फोर्स कमांडर मारे गये

Mon Apr 6 , 2026
यरूशलम, 06 अप्रैल (वार्ता) इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि बीती रात एक सैन्य अभियान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के खुफिया प्रभाग के प्रमुख माजिद खादेमी मारे गये हैं। ईरान ने अब तक इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है। इजरायली दावे के मुताबिक, श्री […]

You May Like