
छतरपुर। छतरपुर तहसील के हमा गांव के पास सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही हादसे की सूचना मिली, डायल 100 वाहन और कोतवाली थाना पुलिस के उपनिरीक्षक श्याम बैन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मात्र एक घंटे के भीतर चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से सुरक्षित बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल घायल चालक का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे का कारण ट्रकों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
