इजरायल का दावा, आईआरजीसी के खुफिया प्रमुख और कुद्स फोर्स कमांडर मारे गये

यरूशलम, 06 अप्रैल (वार्ता) इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि बीती रात एक सैन्य अभियान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के खुफिया प्रभाग के प्रमुख माजिद खादेमी मारे गये हैं। ईरान ने अब तक इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया है। इजरायली दावे के मुताबिक, श्री खादेमी ईरानी शासन के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में से एक थे। इसके साथ ही, इजरायल ने कुद्स फोर्स की यूनिट 840 के कमांडर असगर बाकरी को भी ढेर करने का दावा किया है। श्री नेतन्याहू ने सोशल मीडिया पर लिखा है, “आज रात हमने रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया प्रभाग के प्रमुख माजिद खादेमी को खत्म कर दिया। वह ईरानी शासन के वरिष्ठ अधिकारियों में से एक था, जिसने अपने पूर्ववर्ती के खात्मे के बाद हाल ही में यह जिम्मेदारी संभाली थी।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि श्री बाकरी को भी मार दिया गया है जो दुनिया भर में यहूदियों और इजरायलियों के खिलाफ हमलों के लिए जिम्मेदार था।

इसके बाद उन्होंने ईरान समेत अपने तमाम दुश्मनों को चेतावनी देते हुए लिखा, “जो कोई भी हमारे नागरिकों की हत्या की साजिश रचेगा, जो कोई भी इजरायल के खिलाफ आतंक का संचालन करेगा और जो कोई भी ‘बुराई की धुरी’ ईरान का निर्माण करेगा, वह अपनी मौत का जिम्मेदार खुद होगा।”
ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रखने का संकल्प जताते हुए उन्होंने कहा, “हम पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ कार्रवाई कर रहे हैं। हम उस हर शख्स तक पहुंचेंगे, जो हमें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा। हम सभी मोर्चों पर पूरी शक्ति के साथ तब तक डटे रहेंगे, जब तक खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता और युद्ध के सभी लक्ष्य हासिल नहीं कर लिए जाते।”

28 फरवरी से चल रहे इस संघर्ष में ईरान को पहले भी कई बड़े झटके लग चुके हैं। ईजरायल-अमेरिकी संयुक्त हमले में पहले ही दिन ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई, सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुल रहीम मौसवी, ईरान के रक्षा मंत्री अजीज नसीरजादेह, पूर्व सुरक्षा प्रमुख और सैन्य सलाहकार अली शमखानी मारे गये थे। इसके बाद 17 मार्च को एक हमले में राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारिजानी की मौत हो गयी थी और 18 मार्च को ईरान के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब की मृत्यु हो गयी थी।

Next Post

बार-बार बदल रही फसल खरीदी तारीख से आक्रोशित किसानों ने दिया धरना

Mon Apr 6 , 2026
बागली।भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत बागली इकाई द्वारा सोमवार को बागली मुख्यालय पर राजस्व कार्यालय के गेट पर सांकेतिक धरना दिया उक्त धरना प्रदर्शन में प्रांतीय अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण पटेल ने उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा मेहनतकश किसानों पर अलग-अलग तरीके से दबाव बनाया […]

You May Like