सिंगरौली महोत्सव 2026: कैलाश खेर की प्रस्तुति ने मोहा मन

सिंगरौली: ऊर्जा नगरी सिंगरौली में शनिवार की रात उत्साह, संस्कृति और जनसहभागिता का भव्य नजारा देखने को मिला,बैढ़न के राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में सिंगरौली महोत्सव 2026 और नगर गौरव दिवस कार्यक्रम का शानदार शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह की भूमिका पूरे समय प्रमुख रूप से दिखाई दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। स्टेडियम में मौजूद हजारों लोगों ने तालियों और नारों के बीच अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।पूरे स्टेडियम को आकर्षक रोशनी, भव्य मंच सज्जा और सांस्कृतिक थीम से सजाया गया था। महोत्सव में जिले की लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, लोकगीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सिंगरौली की सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की झलक भी देखने को मिली।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंगरौली केवल प्रदेश की ऊर्जा राजधानी ही नहीं, बल्कि औद्योगिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संभावनाओं से भरपूर जिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जिले में अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को लगातार गति दे रही है। मुख्यमंत्री ने “सिंगरौली महोत्सव” को स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच दिलाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया।

कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर की संगीतमय प्रस्तुति रही। उनके लोकप्रिय और सूफियाना गीतों ने देर रात तक पूरे स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया। दर्शक तालियों और उत्साह के साथ उनकी प्रस्तुति का आनंद लेते नजर आए।इस अवसर पर सम्पतिया उइके, राधा सिंह, कान्त देव सिंह, विनोद यादव, डॉ. राजेश मिश्रा, राजेन्द्र मेश्राम, विश्वामित्र पाठक, कुंवर सिंह टेकाम, सुंदरलाल शाह, ओम जैन, वीरेंद्र गोयल और देवेश पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। पूरा आयोजन सांस्कृतिक गौरव, विकास और जनभागीदारी के ऐतिहासिक संगम के रूप में यादगार बन गया।

Next Post

निगरानी का असर: 8 स्वयं सहायता समूहों के अनुबंध समाप्त, 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा खत्म

Sun May 24 , 2026
रतलाम: कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशन में पिछले तीन माह से जिलेभर के आंगनवाड़ी केंद्रों का लगातार आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधोलिया सहित जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षणों के सकारात्मक परिणाम सामने आने […]

You May Like