मुस्कान अभियान: के तहत पुलिस बच्चों और महिलाओं को किया जा रहा जागरूक

इंदौर: महिला और बाल सुरक्षा को लेकर इंदौर पुलिस ने ‘मुस्कान विशेष अभियान’ के तहत व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है. 1 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में पुलिस न केवल गुमशुदा बच्चों की तलाश में सक्रिय है, बल्कि स्कूलों, कॉलेजों और बस्तियों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा और कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दे रही है.

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सशक्त बनाना है. अभियान के तहत महिला सुरक्षा शाखा की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संध्या राय के नेतृत्व में थाना लसूड़िया क्षेत्र स्थित राहुल गांधी नगर बस्ती में आस संस्था के सहयोग से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया.

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी, बाल विवाह, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी. साथ ही बालिका सुरक्षा पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘कोमल’ का प्रदर्शन कर उन्हें सतर्क और सजग रहने का संदेश दिया. इसी क्रम में बीते दिनों पुलिस टीम ने बड़ा गणपति स्थित शारदा कन्या स्कूल और भंवरकुआं स्थित शर्मा अकादमी में भी जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित कीं.

इन सत्रों में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए और बताया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन और साइबर हेल्पलाइन जैसी सेवाएं हमेशा उपलब्ध हैं. इंदौर पुलिस का यह प्रयास महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर समाज में भरोसा और जागरूकता दोनों बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है.

Next Post

मुख्यमंत्री डॉ यादव आज बिहार के चुनावी दौरे पर, बिस्फी और वजीरगंज में करेंगे सभाएं

Thu Nov 6 , 2025
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बिहार के चुनावी दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे बिस्फी एवं वजीरगंज विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री ने बिहार यात्रा से पहले एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बिहार इतिहास रचने जा रहा है। इसमें प्रतिभागी बनने जा […]

You May Like