रतलाम: कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशन में पिछले तीन माह से जिलेभर के आंगनवाड़ी केंद्रों का लगातार आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधोलिया सहित जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे निरीक्षणों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।
27 फरवरी 2026 को हुए प्रारंभिक निरीक्षण में जिले के 96 स्वयं सहायता समूह निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध नहीं करा रहे थे।
लगातार निगरानी और कार्रवाई के बाद यह संख्या घटकर अब 33 रह गई है। जिन समूहों के विरुद्ध लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, ऐसे 8 स्वयं सहायता समूहों के अनुबंध समाप्त कर दिए गए हैं। मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराने वाले स्वयं सहायता समूहों को मार्च माह में 102 तथा अप्रैल माह में 96 कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए।
साथ ही संबंधित समूहों की भुगतान राशि में कटौती भी की गई। विभाग द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने वाली 6 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त की गई हैं। इसके अलावा मार्च माह में 289 तथा अप्रैल माह में 123 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में कटौती की गई।निरीक्षण व्यवस्था के तहत मार्च में 216, अप्रैल में 235 तथा मई माह में अब तक 176 आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि नियमित निरीक्षण के कारण केंद्र संचालन में सुधार आया है तथा बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
