
इंदौर. कांग्रेस के पूर्व पार्षद अनवर कादरी से जुड़े शस्त्र लाइसेंस मामले की जांच अब जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले तक पहुंच गई है. सदर बाजार पुलिस अनवर कादरी को लेकर कठुआ पहुंची है, जहां लाइसेंस से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जा रही है.
अनवर कादरी पर आरोप है कि उसने जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले से शस्त्र लाइसेंस बनवाया था और बाद में उसका इस्तेमाल इंदौर में किया. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी. अब टीम कठुआ में संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है. मामले में पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लाइसेंस किस प्रक्रिया के तहत जारी हुआ था. इसके लिए जमा किए दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और लाइसेंस जारी करने में शामिल अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. साथ ही यह देखा जा रहा है कि लाइसेंस जारी करते समय निर्धारित नियमों का पालन हुआ था या नहीं.
जांच की जा रही है…
अनवर कादरी को लेकर पुलिस टीम जम्मू कश्मीर गई है, कठुआ में शस्त्र लाइसेंस से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जा रही है. लाइसेंस किस प्रक्रिया के तहत जारी हुआ और इसमें किन लोगों की भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है.
राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी
