
बैतूल। शाहपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर गंभीर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार घटना 18 जनवरी 2025 की है, जब फरियादी राजेश विश्वकर्मा, निवासी कोटरा सुल्तानाबाद, भोपाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के दौरान आरोपी आशीष उर्फ गिरिराज कुशवाह और केदार सिंह कुशवाह ने उस पर हमला किया। इस दौरान आशीष ने पिस्टल से जान से मारने की नीयत से गोली चलाई, जो सीने के बजाय बाएं पैर की जांघ में लगी। घटना के बाद आरोपियों ने धमकी भी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी, जो ठिकाने बदलकर फरार चल रहा था।
आखिरकार 26-27 अप्रैल की दरम्यानी रात पुलिस ने भोपाल स्थित सागर सिल्वर स्प्रिंग कॉलोनी में दबिश देकर आरोपी केदार सिंह कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
