सीहोर। पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोर धड़ल्ले से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. चोरों की करतूतों से भगवान के मंदिर भी अछूते नहीं हैं. सोमवार को बस स्टैंड स्थित गीता भवन प्रांगण के मंदिर से चोर भगवान की चांदी की माला ले उड़े. समिति सदस्यों ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखने के बाद खुद चोर को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया.
शहर में चोरी की वारदातों में बाढ़ सी आई है. हाल ही में आराकश मोहल्ले के शिव मंदिर में चोर ने दानपेटी में रखी राशि पर हाथ साफ कर दिए थे. इसके अलावा पूर्व में भी इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, करौली माता मंदिर, मठ मंदिर व अन्य मंदिरों में चोरी की वारदात घटित हो चुकी हैं. इसके अलावा हाल ही में छावनी के जैन मंदिर में भी सोने का छत्र व दीपक चुराने वाले मंदिर के कर्मचारी को मंदिर समिति के सदस्यों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. मंदिरों में चोरी की वारदात में सोमवार को एक और कड़ी जुड़ गई.
शहर के बस स्टैंड के समीप गीता मानस भवन प्रांगण में स्थित मंदिर से सोमवार को चोर भगवान के गले से चांदी की माला चुरा ले गया था. चोरी का पता चलने पर समिति द्वारा सीसीटवी फुटैज चैक किए गए तो उसमें एक व्यक्ति माला चोरी करके ले जाता नजर आया. समिति सदस्यों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने चोर को दबोचकर जब उससे पूछताछ की तो उसने मंदिर से चांदी की माला चुराना स्वीकार किया. इतना ही नहीं उसने वर्ष 23 में भी इसी मंदिर से चांदी की बांसूरी चुराने की बात भी कबूली. पुलिस के हत्थे चढ़े चोर का नाम लाल मस्जिद चौराहा निवासी इफ्तखार खान बताया जाता है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए उससे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी है.
