
छिंदवाड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे पूर्व सांसद नकुल नाथ ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और प्रभारियों का छिंदवाड़ा आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया। पत्रकारों से चर्चा करते हुए नकुल नाथ ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को लेकर कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और कांग्रेस पार्टी एक नई ऊर्जा व मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। शिविर के माध्यम से कांग्रेस के इलेक्शन मोड में आने के सवाल पर नकुल नाथ ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा चुनावी मोड में ही रहती है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर से कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बढ़ेगी।
युवाओं को प्रोत्साहन हमारी प्राथमिकता
राजनीति में युवाओं और नई पीढ़ी की बढ़ती भूमिका पर बात करते हुए नकुल नाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा युवाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। हमारे शीर्ष नेता राहुल गांधी भी युवाओं को प्राथमिकता देते हैं और पार्टी भविष्य में भी युवाओं को प्रमोट करती रहेगी।