भाजपा सरकार का ‘जनविश्वास’ असल में जन-विश्वासघातः जीतू पटवारी

छिंदवाड़ा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (पीसीसी चीफ) जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जनविश्वास यात्रा अभियान पर तीखा प्रहार किया है। छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान मीडियाकर्मियों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी, किसान और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों पर आम जनता त्रस्त है। ऐसे में भाजपा किस आधार पर जनविश्वास की बात कर रही है। सच्चाई यह है कि भाजपा का यह तथाकथित विश्वास वास्तव में जनता के साथ किया गया विश्वासघात है।

मोदी की गारंटी और वादों से पलटने का आरोप

जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आते ही अपने वादों से मुकर गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा… किस बात का जनविश्वास… किसानों को दिए गए गेहूं-धान के समर्थन मूल्य के वादे पूरे नहीं हुए। लाड़ली बहनों को 3 हजार रुपये देने की बात कही गई थी, लेकिन उन्हें महज 1250 से 1500 रुपये ही मिल रहे हैं। पेट्रोल-डीजल में इथेनॉल मिलाकर जनता की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जिसका विरोध खुद भाजपा के सांसद भी कर रहे हैं।

हर साल 2 करोड़ युवा बेरोजगार

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार के राज में हर साल दो करोड़ युवा बेरोजगार हो रहे हैं। प्रदेश पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल आलोचना करना नहीं है, बल्कि प्रदेश के विकास और समृद्धि में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाना है। यदि सरकार जनता के हितों में निष्पक्षता से कार्य करेगी तो कांग्रेस उसका स्वागत करेगी, अन्यथा सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।

संगठन सृजन और कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण प्राथमिकता

संगठन के पुनर्गठन और भावी रणनीति पर बात करते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश में श्संगठन सृजनश् और कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर के साथ-साथ अब विधानसभा स्तर पर भी 7 से 8 सत्रों के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाना और पार्टी के प्रति दायित्वों का बोध कराना है। छिंदवाड़ा, सिवनी, जबलपुर और नरसिंहपुर जैसे जिलों में इस पहल से कार्यकर्ताओं के बीच नया उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिल रही है।

दतिया उप-चुनाव परिणाम सरकार के प्रति जनता का आक्रोश

हाल ही में दतिया में मिली जीत का उल्लेख करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया का परिणाम केवल एक स्थानीय जीत नहीं है, बल्कि यह पूरे मध्य प्रदेश की राजनीतिक तस्वीर को बयां करता है। प्रदेश की जनता मोहन यादव सरकार के मंत्रियों और प्रशासनिक भ्रष्टाचार से नाराज है। दतिया की जनता ने सरकार को स्पष्ट संदेश दे दिया है।

Next Post

एक करोड़ की ठगी का आरोपी जेल में, अब खातों से खुलेगा रकम का राज

Mon Aug 10 , 2026
इंदौर. डीलरशिप/डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को जेल भेजने के बाद क्राइम ब्रांच ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. टीम अब बैंक खातों से रकम के लेन देन का पता लगा रही है, वहीं मामले में फरार आरोपी के बेटे […]

You May Like