
शुजालपुर, समीपस्थ ग्राम पिपलोद में गत दिवस को मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली. आवारा कुत्तों के झुंड ने एक हिरण के शावक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. शावक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर उसकी जान बचाई. इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई.
जानकारी मिलते ही डायल 112 के पायलट संदीप एवं सहायक उप निरीक्षक जयराम रजौरिया तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से घायल शावक को सावधानीपूर्वक पुलिस वाहन में रखा और उपचार के लिए वन विभाग के कार्यालय पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्तों ने शावक को चारों ओर से घेर लिया था. हमले में उसके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट आई. यदि ग्रामीण समय पर नहीं पहुंचते तो शावक की जान को खतरा हो सकता था. वन विभाग के अधिकारियों ने घायल शावक को अपने संरक्षण में लेकर उसका उपचार शुरू कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार शावक की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी की है. घटना के दौरान ग्रामीणों की तत्परता और डायल112 टीम की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की गई.
