सतना : जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत सांसद आदर्श ग्राम अबेर में बस स्टैण्ड से कुछ दूरी पर झाडिय़ों के बीच बालिका का शव मिलने से सनसनी फैल गई.
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश फैल गया और उन्होंने सतना-सेमरिया मुख्य मार्ग पर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के संबंध में लंबी चली समझाइस के बाद लोगों किसी तरह वहां से हटने को राजी हो सके.अबेर बस स्टैण्ड से लगभग 200 मीटर की दूरी पर अबेर-लखनवाह मार्ग के किनारे झाडिय़ों के बीच 14 वर्षीय किशोरी का शव पड़ा देख स्थानीय रहवासियों के पैरों तले जमीन खिसक गई.
आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची कोटर थाने की पुलिस ने जांच शुरु की तो मामला गंभीर नजर आते ही फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुला लिया गया. मृतका की पहचान गांव के एक आदिवासी परिवार की बेटी के तौर पर हुई. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृत बालिका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. रोते-बिलखते मां ने बताया कि बालिका सुबह लगभग 5 बजे नित्य क्रिया के लिए घर से बाहर निकली थी. लेकिन काफी देर बाद भी वह वापस लौट कर नहीं आई. लेकिन उन्हें यह नहीं मालुम था कि उनकी बेटी के साथ इतना बुरा हादसा हो चुका है. पति की मौत तो पहले ही हो चुकी थी और अब बेटी भी साथ छोड़ गई. वहीं दूसरी ओर इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी आक्रोशित कर दिया.
देखते ही देखते परिजन और स्थानीय लोग सतना-सेमरिया मार्ग पर एकत्र हो गए और मार्ग बाधित करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. लोगों का कहना था कि अबेर बस स्टैण्ड नशेडिय़ों का अड्डा बन चुका है. यहां पर खुलेआम हर तरह के नशे का सेवन करते हुए लोग देखे जा सकते हैं. लेकिन इसके बावजूद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती. लोगों ने बालिका के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कारवाई की मांग भी की. पुलिस द्वारा काफी देर तक परिजनों को यह समझाइस दी गई कि जांच निष्पक्ष होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसे सजा मिलेगी. वहीं दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह भी देर शाम कोटर थाने पहुंच गए. जहां पर उन्होंने घटना से संबंधित कार्रवाई का अपडेट लेने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
सीसीटीवी से मिले सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और पुलिस द्वारा घटनास्थल और आस पास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. इसी कड़ी में शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराए जाने को लेकर जिलार चिकित्सालय भेज दिया गया. वहीं दूसरी ओर कोटर पुलिस द्वारा घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को एकत्र किया जाने लगा. बताया गया कि फुटेज से मिले अहम सुराग के आधार पर कुछ संदेहियों को हिरासत में भी लिया गया है. जिसमें से कुछ बाहरी मजदूर हैं जो धान की रोपाई करने के लिए आए हुए हैं. पुलिस के अनुसार घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर बारीकी से विवेचना की जा रही है और जल्द सारे सवालों से पर्दा हट जाएगा
