श्याम शाह मेडिकल कॉलेज की छात्रा ने पूर्व डीन पर लगाए यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप, पुलिस जांच शुरू

रीवा। विंध्य क्षेत्र के चिकित्सा जगत में उस समय हड़कंप मच गया, जब श्याम शाह मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा ने रीवा के वरिष्ठ चिकित्सक एवं मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन पर यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। मामला अमहिया थाना पहुंच चुका है। छात्रा ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपकर अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी दी है। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर छात्रा के बयान दर्ज किए हैं। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।

जिस चिकित्सक का नाम इस मामले में सामने आया है, वे रीवा के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में गिने जाते हैं और मेडिकल कॉलेज में डीन जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी रह चुके हैं। ऐसे में एक मेडिकल छात्रा की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मेडिकल कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में छात्राएं कितनी सुरक्षित हैं? क्या छात्रा के आरोपों में सच्चाई है या फिर इस पूरे मामले के पीछे कोई अन्य कहानी है?

फिलहाल पुलिस के सामने छात्रा की शिकायत है और आरोपों की निष्पक्ष जांच होना बाकी है। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले शिकायतकर्ता के आरोपों, संबंधित चिकित्सक का पक्ष और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच बेहद जरूरी है।

यह मामला केवल एक चिकित्सक और छात्रा के बीच का विवाद नहीं, बल्कि मेडिकल संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा, गरिमा और शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई से जुड़ा गंभीर सवाल भी है। अब देखना होगा कि अमहिया पुलिस की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं? आरोपों की सच्चाई क्या है? और इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है?

फिलहाल सवाल बरकरार है, आरोपों के पीछे सच्चाई या कोई साजिश? इसका फैसला पुलिस जांच और साक्ष्य के आधार पर होगा। इस बारे में पूछने पर एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि एक शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

Next Post

भगवान बिरसा मुंडा मात्र एक नाम नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं: ​डॉ. मोहन यादव

Sat Nov 14 , 2026
भोपाल। 15 नवंबर का दिन न केवल जनजातीय समाज के लिए, बल्कि समूचे भारत वर्ष के लिए आत्म-स्वाभिमान, अदम्य साहस और देशभक्ति के स्मरण का दिवस है। आज धरती आबा, उलगुलान के प्रणेता भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती है। इस पावन अवसर पर मैं मध्यप्रदेश की समस्त 8 करोड़ […]

You May Like