भोपाल। शाहपुरा तिराहे पर इन दिनों सड़क निर्माण कार्य के चलते आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां तीनों तरफ सड़कों पर निर्माण कार्य चल रहा है। मनीषा मार्केट जाने वाले मार्ग के साथ ही शाहपुरा लेक से प्रशासनिक अकैडमी की ओर जाने वाली सड़क पर भी काम जारी है। इसके चलते क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है।
शाहपुरा तिराहे से प्रशासनिक अकैडमी की ओर जाने वाले मार्ग पर एक सड़क पूरी तरह बंद है। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के लिए केवल एक सड़क उपलब्ध है, जिससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। वहीं, तिराहे पर लगा ट्रैफिक सिग्नल भी बंद है। इसके कारण यातायात व्यवस्था और प्रभावित हो रही है। त्योहारों, विसर्जन और अन्य आयोजनों के दौरान यहां वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। निर्माण कार्य के कारण उड़ती धूल और मिट्टी भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
वहीं, शाहपुरा से बंसल रोड की ओर भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा प्रशासनिक अकैडमी से अग्रवाल ज्वेलर्स तक की सड़क का काम भी अभी अधूरा है। अलग-अलग हिस्सों में निर्माण कार्य जारी होने के कारण स्थानीय लोगों और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संकरे रास्तों से वाहनों की आवाजाही के चलते दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
जनवरी 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
इस मामले में MP Government PWD, New Bhopal Division के अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसमें किसी तरह की देरी नहीं हो रही है। विभाग ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए जनवरी 2027 तक की डेडलाइन तय की है। अधिकारियों के मुताबिक, वाहनों की आवाजाही और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए कई बार काम रोकना पड़ता है। यातायात प्रभावित न हो, इसलिए सड़क के अलग-अलग हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जा रहा है।
हालांकि, निर्माण कार्य पूरा होने की निर्धारित समयसीमा के बीच लोगों की परेशानी बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बंद ट्रैफिक सिग्नल को कब चालू किया जाएगा और जाम व धूल से राहत दिलाने के लिए क्या इंतजाम किए जाएंगे। अब देखना होगा कि जनवरी 2027 तक सड़क निर्माण पूरा होने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विभाग क्या कदम उठाता है।
