मप्र कांग्रेस में अनुशासन का डंडा: एक निष्कासित, दो को नोटिस

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन में अनुशासन और पार्टी की रीति-नीतियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पार्टी विरोधी गतिविधियों तथा लगातार अनुशासनहीनता के मामलों में कड़ा रुख अपनाया है। इसी क्रम में पार्टी ने राकेश यादव को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि राकेश यादव को पूर्व में कई बार चेतावनी देने और समझाइश के बावजूद उन्होंने पार्टी विरोधी गतिविधियां जारी रखीं। उनके आचरण से संगठन की छवि प्रभावित हुई, जिसके चलते प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर उनके खिलाफ यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महासचिव डॉ. संजय कमले ने दो पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। प्रियंका किरार, जो महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष हैं, पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर पार्टी की नीति और अनुशासन के विपरीत टिप्पणी करने का आरोप है। उन्हें सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी प्रकार प्रदेश कांग्रेस की महासचिव निधि चतुर्वेदी को भी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित अनुशासनहीन टिप्पणियां करने के आरोप में नोटिस जारी किया गया है। उन्हें भी सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।

प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी विरोधी गतिविधियों अथवा संगठन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि ऐसे सभी मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Post

चेक बाउंस पर 6 माह की सजा, ₹4.60 लाख प्रतिकर देने का आदेश

Fri Jul 3 , 2026
खंडवा। चेक के माध्यम से होने वाले वित्तीय लेन-देन में लापरवाही भारी पड़ सकती है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, खंडवा श्री अरविंद सिंह ने परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 138 के एक मामले में आरोपी को दोषी ठहराते हुए 6 माह के साधारण कारावास तथा परिवादी को ₹4,60,230 प्रतिकर […]

You May Like