लखनऊ, 18 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश के हैंडबॉल प्रशिक्षक मो. तौहीद को अम्मान (जॉर्डन) में 20 से 31 अगस्त तक होने वाली 11वीं एशियन यूथ पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय यूथ पुरुष टीम का कोच नियुक्त किया गया है। प्रतियोगिता में भारतीय टीम एशिया की युवा टीमों के साथ मुकाबला करेगी।
भारतीय टीम का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर 27 जुलाई से 18 अगस्त तक पावना फाउंडेशन, अलीगढ़ में आयोजित किया गया, जहां खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। शिविर में तकनीक, फिटनेस, रणनीति और टीम के बीच बेहतर तालमेल पर विशेष जोर दिया गया।
मो. तौहीद वर्तमान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में अंशकालिक हैंडबॉल प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश से भारतीय यूथ टीम के कोच की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इससे प्रदेश के अन्य हैंडबॉल प्रशिक्षकों को भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मो. तौहीद की इस उपलब्धि पर हैंडबॉल एसोसिएशन इंडिया की अध्यक्ष अलका दास, कार्यकारी निदेशक डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय, कोषाध्यक्ष विनय कुमार सिंह और सचिव डॉ. तेजराज सिंह समेत उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव अमित पाण्डेय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। भारतीय टीम का लक्ष्य चैंपियनशिप में मजबूत प्रदर्शन कर एशियाई स्तर पर अपनी स्थिति बेहतर करना है।
