नई दिल्ली, भारत के दो दिग्गज औद्योगिक समूह टाटा और अदाणी ने हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में एक साथ मिलकर बड़ा कदम उठाया है। टाटा ग्रुप की आतिथ्य कंपनी ‘द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड’ (IHCL) और अदाणी ग्रुप की एयरपोर्ट संचालक इकाई ‘अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड’ (AAHL) ने देश के प्रमुख विमानन केंद्रों पर 8 नए फाइव-स्टार और बजट फ्रेंडली होटलों के विकास के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस बड़े करार के तहत मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों में 2,000 से अधिक कमरों की क्षमता वाले विश्वस्तरीय होटल विकसित किए जाएंगे, जिनका संचालन टाटा के मशहूर ब्रांड्स ताज, विवांता, गेटवे और जिंजर के तहत किया जाएगा।
प्रथम चरण में ₹20,000 करोड़ से अधिक का होगा भारी निवेश, प्रमुख एयरपोर्ट शहरों में विकसित किए जाएंगे 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र
इस रणनीतिक साझेदारी की आधिकारिक घोषणा अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स के निदेशक जीत अदाणी और इंडियन होटल्स के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पुनीत चटवाल ने संयुक्त रूप से की। अदाणी समूह ने अपने एयरपोर्ट इकोसिस्टम के विस्तार के लिए ‘अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड’ की स्थापना की है, जो 7 राज्यों के 8 हवाई अड्डों पर 655 एकड़ से अधिक भूमि का बुनियादी विकास कर रही है। पहले चरण के अंतर्गत नवी मुंबई, मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में करीब 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र के बुनियादी विकास और प्रीमियम इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹20,000 करोड़ से अधिक का भारी-भरकम निवेश किया जाएगा।
एयरपोर्ट्स को अर्बन टूरिज्म और बिजनेस हब बनाने की तैयारी, भारत के यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार
समझौते पर खुशी जताते हुए जीत अदाणी ने कहा कि दुनिया भर में प्रमुख एयरपोर्ट्स अब केवल उड़ानों तक सीमित न रहकर एकीकृत वाणिज्यिक व पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित हो रहे हैं और यह साझेदारी इसी दिशा में एक मील का पत्थर है। वहीं IHCL के सीईओ पुनीत चटवाल ने कहा कि तेजी से बढ़ते भारतीय एविएशन मार्केट में एयरपोर्ट-केंद्रित विकास परियोजनाएं बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगी। टाटा और अदाणी की यह जुगलबंदी देश के प्रमुख हवाई अड्डों पर आने वाले व्यावसायिक, पर्यटन और ट्रांजिट यात्रियों को विश्वस्तरीय आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ भारत के ओवरऑल टूरिज्म सेक्टर को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगी।

